Annual function celebrated

सोजतिया द्वारा संचालित नीरजा मोदी स्कूल, उदयपुर में वार्षिकोत्सव धूमधाम से मनाया

सेलिब्रेशन ऑफ़ लाइफ़’ के आठ प्रेरणादायी अध्यायों के माध्यम से नन्हे विद्यार्थियों ने दिया प्रेम, प्रकृति, दया और एकता का संदेश

सोजतिया द्वारा संचालित नीरजा मोदी स्कूल में प्री नर्सरी से कक्षा दो तक के विद्यार्थियों का वार्षिकोत्सव अत्यंत हर्षोल्लास, उत्साह और भव्यता से संयुक्त निदेशक, राजस्थान शिक्षा विभाग एवं मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी विरेन्द्र यादव के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। समारोह में विशिष्ट अतिथि दीपक गौड़, जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक मुख्यालय, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी खुशबू शर्मा, संस्था के चेयरमेन डॉ. महेन्द्र सोजतिया, सीईओ रीना सोजतिया, निर्देशिका साक्षी सोजतिया, सेक्रेटरी डॉ. ध्रुव सोजतिया, कोषाध्यक्ष नेहल सोजतिया, एडवाइजर डॉ. मुकेश श्रीमाली एवं शुभा गोविल मौजूद रहे। कार्यक्रम में मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन व उनके माल्यार्पण, तत्पश्चात सभी अतिथियों के स्वागत के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ जिसमें सर्वप्रथम नन्हे मुन्ने बच्चों के स्कूल बैंड की प्रस्तुति से हुआ। सेलिब्रेशन ऑफ लाइफ़ % थीम पर प्रस्तुत इस संगीतमय नाट्य समारोह ने दर्शकों को कल्पनाओं, भावनाओं, संस्कृति और जीवन के सुंदर रंगों से सराबोर कर दिया । नन्हे विद्यार्थियों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों, प्रभावशाली अभिनय, मधुर कविता-पाठ और आकर्षक नृत्यों से उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया।

कार्यक्रम की मुख्य अवधारणा ‘सेलिब्रेशन ऑफ लाइफ’ (जीवन का उत्सव ) नामक पुस्तक पर आधारित थी। इसके आठ प्रेरणादायी अध्यायों को बच्चों ने संगीत, नृत्य और नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से सजीव रूप प्रदान किया। प्रत्येक प्रस्तुति ने जीवन के विभिन्न पहलुओं को खूबसूरती से उजागर करते हुए दर्शकों के हृदय पर अमिट छाप छोड़ी। मुख्य अतिथि यादव साहब ने अपने शब्दों के माध्यम से बच्चों को आशीर्वाद प्रदान किया । उन्होंने बताया कि निर्देशिका महोदया के शब्दों की झलक इन बच्चों के आत्मविश्वास में झलक रही है, साथ ही इन नन्हे बच्चों के आत्म विश्वास को देखकर अत्यंत प्रसन्न हुए। कार्यक्रम मेंविद्यार्थियों द्वारा विद्यालय रिपोर्ट प्रस्तुत भी की गई जिसमें विद्यालय ने वर्ष भर में प्राप्त पुरस्कार, उपलबिधियों व बच्चों को प्रदान शैक्षिक प्रबंध का उल्लेख बहुत ही शानदार तरह से किया । समारोह में माँ के निस्वार्थ प्रेम, परिवार के महत्त्व और सच्ची मित्रता जैसे भावनात्मक विषयों पर आधारित प्रस्तुतियों ने सभी को भावविभोर कर दिया। प्रकृति और वन्यजीवों को समर्पित नृत्यों में तितलियों, जंगलों और पशु-पक्षियों की मनमोहक झलक देखने को मिली। वहीं, वर्षा पर आधारित प्रस्तुति और भावपूर्ण कश्मीरी नृत्य भूमरो भूमरो श्याम रंग भूमरो से प्रकृति की सुंदरता तथा पर्यावरण संरक्षण के महत्त्व को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। सांस्कृतिक विविधता और कल्पनाशीलता से सजी प्रस्तुतियों में अंतरिक्ष एवं तारों की दुनिया के साथ ओणम और बैसाखी के उल्लासपूर्ण नृत्यों ने भारतीय संस्कृति की समृद्ध परंपराओं को जीवंत कर दिया। रंग-बिरंगी वेशभूषा, मनोहारी संगीत, सजीव मंच -सज्जा और बच्चों की सहज अभिव्यक्ति ने पूरे वातावरण को उत्सवमय बना दिया। कार्यक्रम का भव्य समापन एक प्रेरणादायी संदेश के साथ हुआ। नाटक ने दर्शाया कि बच्चों का भविष्य एक कोरे पन्ने के समान है, जिस पर वे अपने विचारों, व्यवहार और कर्मों से एक सुंदर दुनिया की कहानी लिख सकें । प्रेम, दया, सद् ? भाव और एकता जैसे मूल्यों को अपनाकर वे समाज और विश्व को बेहतर बना सकते हैं। चेयरमेन डॉ. महेन्द्र सोजतिया ने अपने शब्दों को गति देते हुए बताया कि इस वार्षिकोत्सव ने न केवल बच्चों की प्रतिभा, रचनात्मकता और आत्मविश्वास को मंच प्रदान किया, बल्कि जीवन के मूलभूत मानवीय मूल्यों को आत्मसात करने का संदेश भी दिया। कार्यक्रम की शानदार सफलता में विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन, रचनात्मक योजना और सामूहिक प्रयासों की महत्त्वपूर्ण भूमिका रही। निदेशिका साक्षी सोजतिया ने सभी नन्हे कलाकारों, आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वाले शिक्षकों और सहयोगियों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया। यह समारोह बच्चों की प्रतिभा, कल्पनाशीलता और उज्ज्वल भविष्य का उत्सव बनकर सभी के लिए यादगार रहा, साथ ही सभी अभिभावकों एवं अतिथिगणों को कार्यक्रम की सहभागीता करने पर आभार प्रकट किया।

Tags: No tags

Comments are closed.